Whosthat360Hindi
हिंदी संस्करण
Advertisement
  • होम
  • फिटनेस और हेल्थ
  • अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: ईशा फ़ाउंडेशन देश भर में आयोजित करेगा 1,000 फ्री योग सत्र

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: ईशा फ़ाउंडेशन देश भर में आयोजित करेगा 1,000 फ्री योग सत्र

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ईशा फ़ाउंडेशन देश भर में 1,000 निःशुल्क योग सत्र आयोजित कर रहा है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से 50,000 लोग शामिल होंगे। बेंगलुरु और कोयंबटूर केंद्रों पर NCC कैडेट्स, BSF और CRPF जवानों के लिए विशेष कार्यक्रम होंगे। साथ ही, सद्गुरु के फ्री मेडिटेशन ऐप 'मिरेकल ऑफ़ माइंड' में 6 नई भाषाएं जोड़ी जा रही हैं, जिससे अब यह कुल 12 भाषाओं में उपलब्ध होगा।

ईशा फ़ाउंडेशन देश भर में कराएगा 1,000 फ्री योग सत्र

Photo Credit: isha foundation

ख़ास बातें
  • कॉर्पोरेट, मेडिकल और डिफेंस से जुड़ेंगे 50,000 लोग
  • बिना किसी पूर्व अनुभव के जीवनभर मुफ्त रहेगा मेडिटेशन ऐप
  • BSF, CRPF जवानों और NCC कैडेट्स के लिए विशेष योग सत्र

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के विशेष अवसर पर ईशा फ़ाउंडेशन देश भर में बड़े पैमाने पर योग और ध्यान सत्रों का आयोजन करने जा रहा है। इस वर्ष फ़ाउंडेशन द्वारा पूरे भारत में लगभग 1,000 निःशुल्क योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में कॉर्पोरेट, शिक्षा, चिकित्सा, सरकारी और रक्षा (डिफेंस) संस्थानों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक समुदायों से करीब 50,000 लोगों के शामिल होने का अनुमान है।

योग के वास्तविक और गहरे महत्व को रेखांकित करते हुए सद्गुरु ने कहा, "योग बस एक कसरत नहीं है। यह एक ऐसी प्रक्रिया और प्रणाली है जिसके ज़रिए मनुष्य अपनी उच्चतम संभव क्षमता प्राप्त कर सकता है।"  इसी दृष्टिकोण के साथ इन सत्रों को ईशा फ़ाउंडेशन के प्रमाणित शिक्षकों और स्वयंसेवकों द्वारा तैयार किया गया है, ताकि आम लोग इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें।

सुरक्षाबलों और छात्रों के लिए विशेष आयोजन

ईशा फ़ाउंडेशन देश भर में कराएगा 1,000 फ्री योग सत्र

ईशा फ़ाउंडेशन देश भर में कराएगा 1,000 फ्री योग सत्र
Photo Credit: isha foundation

देशभर के विभिन्न केंद्रों के अलावा ईशा के मुख्य केंद्रों पर बड़े कार्यक्रम होंगे। बेंगलुरु के 'सद्गुरु सन्निधि' में आदियोगी की भव्य उपस्थिति में एक विशेष सत्र आयोजित होगा, जिसमें NCC कैडेट, बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के जवान, स्थानीय छात्र और ग्रामीणों समेत 2,300 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। वहीं, कोयंबटूर स्थित 'ईशा योग केंद्र' में आयोजित होने वाले सत्र में 'यंग इंडियंस कोयंबटूर चैप्टर' के 500 छात्र और सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स (CRPF) के 200 जवान शामिल होंगे। गौरतलब है कि पिछले एक साल में अकेले कोयंबटूर केंद्र पर 7 लाख से ज्यादा लोग मुफ़्त योग का लाभ उठा चुके हैं।

'मिरेकल ऑफ़ माइंड' ऐप का हुआ विस्तार

इस योग दिवस पर सद्गुरु ने ध्यान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए अपने निःशुल्क गाइडेड मेडिटेशन ऐप Miracle of Mind के विस्तार की घोषणा की है। यह मात्र 7 मिनट का एक बेहद प्रभावी ध्यान है, जिसे वर्तमान में दुनिया भर के 35 लाख से ज्यादा लोग इस्तेमाल कर रहे हैं। पहले से उपलब्ध 6 भाषाओं (अंग्रेज़ी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, स्पैनिश और रूसी) के अलावा अब इसमें 6 नई भाषाएँ- गुजराती, कन्नड़, मलयालम, बांग्ला, इटैलियन और नेपाली जोड़ी जा रही हैं। यह ऐप पूरी तरह से जीवनभर के लिए निःशुल्क है और इसके लिए योग के किसी पूर्व अनुभव की आवश्यकता नहीं है।

For the latest Influencer News and Interviews, follow WhosThat360 on X, Facebook, Instagram and Threads. For the latest interview videos, subscribe to our YouTube channel.