Whosthat360Hindi
हिंदी संस्करण
Advertisement

बेंगलुरु: बंबल डेट पर मिले शख्स पर निजी वीडियो रिकॉर्ड कर ऑनलाइन अपलोड करने का आरोप

बेंगलुरु की एक महिला ने आरोप लगाया है कि बंबल पर मिले शख्स ने बिना सहमति उनके निजी वीडियो रिकॉर्ड कर ऑनलाइन अपलोड कर दिए। शिकायत के बाद साइबर पुलिस जांच में जुटी है।

Cyber Crime,Bengluru,Women Safety,Cyber Crime Against Women India,Cyber Crime Against Women

बंबल पर मिले शख्स पर बिना सहमति निजी वीडियो रिकॉर्ड कर ऑनलाइन शेयर करने का आरोप।

Photo Credit: Instagram

ख़ास बातें
  • बंबल पर मिले शख्स पर बिना अनुमति निजी वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप।
  • महिला का दावा, वीडियो रेडिट और अन्य वेबसाइट्स पर अपलोड किए गए।
  • शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने जांच शुरू की, वीडियो हटाने की कार्रवाई की गई

बेंगलुरु में ऑनलाइन डेटिंग से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 28 वर्षीय एक महिला ने आरोप लगाया है कि डेटिंग ऐप Bumble पर मिले एक शख्स ने उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनके निजी पलों का वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में उसे इंटरनेट पर अपलोड कर दिया। महिला की शिकायत के बाद बेंगलुरु पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बंबल पर हुई थी मुलाकात

महिला के अनुसार, दोनों की मुलाकात नवंबर 2022 में डेटिंग ऐप बंबल पर हुई थी। कई महीनों तक बातचीत करने के बाद महिला ने आरोपी की सोशल मीडिया प्रोफाइल भी जांची और भरोसा होने पर उससे पहली बार व्यक्तिगत रूप से मिलने का फैसला किया। दोनों की मुलाकात बेंगलुरु के कोरमंगला इलाके में हुई।

बिना जानकारी रिकॉर्ड किए गए निजी पल

महिला का आरोप है कि मुलाकात के दौरान आरोपी ने उन्हें शराब ऑफर की, जिसके बाद दोनों के बीच सहमति से निजी संबंध बने। हालांकि, उस समय उन्हें इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं थी कि आरोपी उनके निजी पलों की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा है। महिला का कहना है कि रिकॉर्डिंग उनकी अनुमति के बिना की गई, जो उनकी निजता का गंभीर उल्लंघन है।


संपर्क तोड़ा, फिर इंटरनेट पर मिले वीडियो

महिला ने बताया कि मुलाकात के कुछ समय बाद आरोपी ने अचानक उनसे बातचीत बंद कर दी और इंस्टाग्राम पर ब्लॉक भी कर दिया। कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि उनके कथित निजी वीडियो रेडिट और अन्य एडल्ट वेबसाइट्स पर शेयर किए जा रहे हैं। इसके बाद महिला ने तुरंत कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया।

पुलिस ने शुरू की जांच

महिला ने 19 जून को बेंगलुरु के दक्षिण-पूर्व साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती कार्रवाई के तहत संबंधित वीडियो कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटवा दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी जांच कर रही है।

ऑनलाइन डेटिंग और डिजिटल सुरक्षा पर सवाल

इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन डेटिंग प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा और डिजिटल प्राइवेसी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति की बिना अनुमति निजी रिकॉर्डिंग करना और उसे ऑनलाइन साझा करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में पीड़ितों को बिना देरी साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज करानी चाहिए ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

For the latest Influencer News and Interviews, follow WhosThat360 on X, Facebook, Instagram and Threads. For the latest interview videos, subscribe to our YouTube channel.

Further reading: Cyber Crime, Bengluru, Women Safety, Cyber Crime Against Women India, Cyber Crime Against Women